कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से प्रशासनिक अमले पर हमले का मामला सामने आया है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के श्रमिक बस्ती में बीती रात नायब तहसीलदार अमित केरकेट्टा और अभिजीत राज के साथ कुछ नशे में धुत युवकों ने मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि अधिकारी किसी राजस्व कार्य से मौके पर पहुंचे थे, तभी विवाद के बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने देर रात इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर चार आरोपियों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे और बिना किसी कारण सरकारी अधिकारियों से अभद्र व्यवहार और हाथापाई करने लगे।
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में आक्रोश का माहौल है। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना शासन-प्रशासन के प्रति असुरक्षा की भावना को दर्शाती है। इस बीच, कुसमुंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, लूट और सरकारी कर्मचारी पर हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, श्रमिक बस्ती इलाके में देर रात शराबखोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। क्षेत्रवासियों ने कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। अब सरकारी अधिकारियों पर हुए हमले के बाद पुलिस की कार्यशैली और जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।



