कोरबा। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रही है। इसके अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर सहित अनेक जनसेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को आशीर्वाद प्वाइंट टी.पी. नगर कोरबा में प्रबुद्ध वर्ग संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व मंत्री व बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल शामिल हुए।
आज देश तेजी से विकास कर रहा हैं – अमर अग्रवाल
अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस विज़न के साथ 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने का रोडमैप तैयार किया है, वह सिर्फ एक सपना नहीं, बल्कि राष्ट्र को नई दिशा देने वाला संकल्प है। उन्होंने बताया कि आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्य आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के 100 साल पूरे होने पर भारत को दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी ने रखा है। इसके लिए आधारभूत संरचना, नई शिक्षा नीति, तकनीकी नवाचार, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर उद्योगों पर विशेष बल दिया जा रहा है। श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने जनधन योजना के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह शासन की जो नींव रखी है, उसी के परिणामस्वरूप आज देश तेजी से विकास कर रहा है। भारत आज केवल उपभोक्ता देश नहीं, बल्कि उत्पादन और निर्यात केंद्र बन रहा है।



