कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी की शनिवार को टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष मौजूदगी में हुई इस बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर बदली, महंगे बिजली बिल, 400 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना, अच्छी सड़कें और शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
महंगाई को लेकर जयसिंह अग्रवाल ने सरकार पर साधा निशाना
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है, लेकिन महंगाई बेलगाम हो गई है। महंगाई का असर रसोई से लेकर सफर तक दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत 40 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 72 रुपये और प्याज 25 रुपये से बढ़कर 45 रुपये प्रति किलो हो गया है। इसके अलावा रसोई में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुओं की कीमतों में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। बिजली के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दो वर्षों के दौरान पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना में संशोधन कर इसे बंद किया जा रहा है।
बदहाल सड़कों और पेयजल को लेकर निगम पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष के नेता सड़कों की बदहाली को लेकर बजरी-गिट्टी महापौर के चेंबर तक पहुंचाकर विरोध करते थे, लेकिन वर्तमान में शहर की लगभग सभी सड़कें बदहाल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश के दिनों में भी नगर निगम लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं करा सका। उन्होंने कहा कि शहर सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन निगम के 17 माह के कार्यकाल में शहरवासी इन सुविधाओं से वंचित रहे हैं।
24 अगस्त को कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि सड़क, बिजली, पानी और साफ-सफाई की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सोमवार 24 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा। यहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिनों के भीतर सकारात्मक पहल की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर सुधार, मरम्मत या नवीन निर्माण का काम शुरू नहीं किया गया तो 11वें और 12वें दिन निगम कार्यालय के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन करते हुए निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस ने आंदोलन की बनाई रणनीति
बैठक को श्याम सुंदर सोनी ने भी संबोधित किया, जबकि बैठक का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू ने किया। बैठक में कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रशासन और नगर निगम से जवाब मांगा जाएगा। तय समय सीमा में मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।




