Tuesday, July 8, 2025

कांग्रेस के 125 कार्यकर्ता हुए बीजेपी में शामिल:कहा- भाजपा की रीति-नीति और सिद्धांतों से प्रभावित, पूर्व विधायक ने चुनाव में जीत का किया दावा

कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दशरंगपुर में कांग्रेस के 125 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए हैं। इससे पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। भाजपा जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक अशोक साहू ने कांग्रेस के 125 कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक साहू की सरल, सहज और सबको साथ लेकर चलने के गुण से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और राष्ट्रवादी सिद्धांतों से प्रेरणा लेते हुए इसमें शामिल हुए हैं।

पांडातराई मोहगांव मंडल के ग्राम दशरंगपुर के प्रदीप कैवर्त के प्रयास से उनके साथ 125 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पंडरिया के पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी और जिला महामंत्री क्रांति गुप्ता भी मौजूद रहे। बीजेपी जिलाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं है, बल्कि ये एक परिवार है, जहां साथ में हम सब राष्ट्र के लिए काम करते हैं। उन्होंने भाजपा की दोनों विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव में जीतने का दावा किया और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने की बात कही है।

अशोक साहू ने कहा कि आने वाले चुनाव में भी हम सब पार्टी की जीत के लिए काम करेंगे। इस मौके पर पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी ने भी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले पुरोधाओं से परिचित कराया। साथ ही उन्हें भी राष्ट्र के गौरवशाली विकास के पार्टी के अभियान में जुट जाने की अपील की। ग्राम दशरंगपुर से भाजपा में प्रवेश लेने वालों में प्रभु राम निषाद, नरोत्तम चंद्रवंशी, सीताराम निषाद, परमेश्वर यादव, रामकुमार यादव, मुखी राम चंद्रवंशी, सुखी राम चंद्रवंशी, योगेश शर्मा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -