कोरबा। जिले के जर्वे गांव में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के विरुद्ध मामला दर्ज होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रकरण में सरपंच से लेकर किसान नेता तक कुल 13 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
जिनके विरुद्ध मामला दर्ज हुआ है, उनमें जर्वे की सरपंच उत्तरा कश्यप (पति कमल कश्यप), उप सरपंच योगेश कश्यप, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर, विधायक व्यास कश्यप, वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद अरमान खान, जनपद सदस्य डिगेश्वर यादव, बीडीसी टंकेश्वर यादव, पंच संजय यादव शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण जन गोपाल कश्यप, किशोर सिंह, प्रियांश तिवारी, गिरधारी कश्यप तथा किसान नेता संदीप तिवारी (मेहदा) पर भी कार्रवाई की गई है।
मामला दर्ज होने के बाद प्रशासन ने आगे की जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है, जबकि पुलिस का कहना है कि शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। वहीं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वे कानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं और जल्द ही इस विषय में अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे।


