Monday, January 12, 2026

CG BREAKING : टोकन नहीं मिला, फसल नहीं बिकी’ प्रशासनिक लापरवाही से किसान ने उठाया आत्मघाती कदम

कोरबा। कोरबा जिले से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। धान खरीदी में अव्यवस्था और फसल नहीं बिक पाने से परेशान एक किसान ने जहर का सेवन कर लिया। किसान को आनन-फानन में जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान सुमेर सिंह, ग्राम पुटा, हरदीबाजार का निवासी है। वह पिछले एक महीने से अपना धान बेचने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन न तो उसका धान खरीदा गया और न ही उसे धान बेचने के लिए टोकन मिल पाया। किसान का आरोप है कि फड़ प्रभारी द्वारा उसे लगातार “आज-कल” कहकर टरकाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया।

किसान सुमेर सिंह ने अपनी समस्या को लेकर जनदर्शन में भी गुहार लगाई थी, लेकिन वहां से भी उसे कोई ठोस समाधान नहीं मिला। लगातार उपेक्षा और आर्थिक संकट से जूझ रहे किसान ने अंततः आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर का सेवन कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा प्रवास पर रहीं सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने किसान का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उसके उपचार की जानकारी ली। सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -