कोरबा, 08 अप्रैल 2026/ जिले में मादक पदार्थों की उपलब्धता, उपयोग एवं अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की उपस्थिति में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने शैक्षणिक परिसरों के आसपास प्रतिबंधित सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश तहसीलदारों एवं सीएमओ को दिए। उन्होंने कोटवारों की बैठक लेकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने और तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण या उपयोग में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाए। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, आबकारी विभाग तथा शिक्षा विभाग को स्कूल, छात्रावास, आश्रम एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों में नशामुक्ति संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले की सभी मेडिकल दुकानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देशों का पालन कराया गया है। साथ ही स्वापक एवं मनःप्रभावी दवाओं की खरीद-बिक्री, पंजीकृत चिकित्सक की पर्ची तथा स्टॉक का नियमित मिलान किया जा रहा है। विगत दिनों अनेक दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की गई है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई करने, स्कूल-कॉलेज एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा जनजागरूकता अभियान को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई मित्रों की सहायता से इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वालों की जानकारी जुटाकर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जिले में मादक पदार्थ अथवा अफीम की अवैध खेती को रोकने हेतु तहसीलदारों को अलर्ट रहने और पटवारियों सहित राजस्व अमले को सतर्क कर सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने शैक्षणिक परिसरों के आसपास तंबाकू एवं अन्य प्रतिबंधित उत्पाद बेचने वाले ठेलों को जब्त करने का सुझाव दिया।
कलेक्टर ने नशामुक्ति हेतु जारी राज्य स्तरीय टोल-फ्री नंबर 14446 तथा अवैध मादक पदार्थ संबंधी शिकायत हेतु एंटी नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 का शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी, एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


