Ganga River Accident : पटना। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित उमानाथ गंगा घाट पर बुधवार को बड़ा नाव हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक छोटी नाव पर सवार होकर करीब 14 से 15 लोग सब्जी तोड़ने के लिए गंगा नदी के दियारा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा और नदी में अचानक बिगड़े मौसम के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई।नाव पलटते ही उसमें सवार सभी लोग गंगा नदी में डूबने लगे। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद नाविकों से मदद की गुहार लगाई।
सात लोगों को बचाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसपास मौजूद नाव चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं हादसे में सात लोगों के डूबने की आशंका जताई गई।राहत अभियान के दौरान एक महिला और एक युवक का शव नदी से बरामद किया गया है, जबकि पांच अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, एसडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF की टीम को भी बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घाट पर जुटी लोगों की भीड़
हादसे की खबर फैलते ही उमानाथ गंगा घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
मौसम खराब होने से बढ़ी मुश्किलें
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय गंगा नदी के इलाके में तेज हवा चल रही थी, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया। खराब मौसम और तेज धारा के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल प्रशासन की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।


