कोरबा। शहर के सीतामणी चौक में कर्ष परिवार के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के छठवें दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा के छठवें दिन प्रेस क्लब कोरबा के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह एवं कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव विशेष रूप से कथा स्थल पहुंचे। सभी पदाधिकारियों ने व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य तारेंद्र कृष्ण महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया।
इस दौरान कथा स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा। कथा वाचन के साथ भजनों और संगीतमय प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में सराबोर होकर कथा का आनंद लेते रहे।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के जयघोष के साथ पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। आयोजन समिति ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन श्रद्धापूर्वक जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।



