कोरबा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में बिलासपुर विधायक एवं मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
समारोह में विभिन्न परेड टुकड़ियों ने अनुशासन और शानदार कदमताल के साथ मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
समारोह के दौरान लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह नजर आया। स्कूली बच्चों और नागरिकों ने भी पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय पर्व में सहभागिता की।




