कोरबा, 25 अक्टूबर 2026/ जिले में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल अंतर आकलन एवं भावी कार्यबल मानचित्रण रिपोर्ट पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री दुदावत ने औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों से उनकी वर्तमान एवं भविष्य की मानव संसाधन संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थान उपलब्ध होने के बावजूद रोजगार नियोजन की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए उद्योगों को आईटीआई से जोड़कर उनकी जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित किए जाएं। साथ ही, उद्योगों में युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर ने औद्योगिक संस्थानों से आगामी तीन वर्षों में आवश्यक ट्रेड और कुशल कार्यबल के संबंध में लिखित फीडबैक देने का आग्रह किया। उन्होंने आईटीआई में आगामी पांच वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई तकनीकों और उभरते ट्रेडों में प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि औद्योगिक नीति के तहत उद्योग यदि अपनी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करते हैं, तो उद्योग स्थापना तथा प्रशिक्षण शुल्क में राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ मिल सकता है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, उद्योग विभाग के अधिकारी, उद्योग संघ के अध्यक्ष, जिला रोजगार अधिकारी, लाईवलीहुड कॉलेज, जिले के आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रतिनिधि, सीपेट, मेडिकल कॉलेज और न्यू कोरबा हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों सहित एनटीपीसी, बालको, अदाणी, एसीबी इंडिया एवं एसईसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल, न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको के प्रतिनिधियों सहित अन्य उद्योगपति भी बैठक में शामिल हुए।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




