CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना के बीच प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पोस्ट मानसून सीजन के तीसरे संभावित तूफान अकवान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि राजधानी रायपुर समेत मध्य क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ डीप डिप्रेशन
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन लगातार मजबूत हो रहा है। इसके आज शाम तक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है। मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने के साथ तटीय इलाकों में भी इसका प्रभाव दिखाई दे सकता है। अनुमान है कि यह तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तटों को पार कर सकता है। इसके बाद इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का हुआ आयोजन, सांसद सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल
20 और 21 नवंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। विशेष रूप से बस्तर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश भी हो सकती है। तूफान की दिशा और उसकी तीव्रता के आधार पर बारिश के प्रभाव में बदलाव संभव है।
रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी बरसेंगे बादल
तूफान अकवान का असर केवल दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है। नवंबर के महीने में मौसम के इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।




