जांजगीर-चांपा, 16 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों, एवं विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने नोडल अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को टोकन जारी करने, उपार्जन केंद्रों की निगरानी, धान की आवक एवं भंडारण व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। साथ ही पेयजल, छाया, शौचालय, विद्युत एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने तथा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को नियमित जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की निगरानी पारस पोर्टल के माध्यम से की जाती है। सभी विभाग अपनी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं लक्ष्यों से संबंधित जानकारी नियमित रूप से अपडेट करें। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों लाभान्वित करें।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता से निराकरण करने कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं की समस्याओं गुणवत्ता के साथ निराकरण करने तथा की गई कार्रवाई की जानकारी हितग्राही को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में अवैध अतिक्रमण के प्रकरणों पर नियमित रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




