बस्तर, मेरा बस्तर, तेरा बस्तर, इसका बस्तर, उसका बस्तर, क्या है बस्तर? क्या महज एक नाम है बस्तर, नहीं बस्तर एक क्षेत्र विशेष होने के साथ ही साथ, हृदय की एक ऐसी कोमल, मधुर, चिंतनशील, मननशील मानवीय भावना है जिसे हम शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते बल्कि, वहाँ के रहने वाले स्थानीय इसे अपनी पीड़ाओं में व्यक्त कर सकते हैं।
आज बस्तर ने वर्षों के बाद राहत की साँस ली है और हम खुश हो रहे हैं किन्तु लोगों ने यानि व्यापारियों ने, अधिकारियोंने, पूँजीपतियों ने शोषण के नए-नए उपाय सोच लिए होंगे अब तक कि कैसे वहाँ के जल, जंगल, जमीन पर हमारा कब्ज़ा होगा अब वहाँ की हरियाली पर हमारा राज होगा। सोचने वाली बात यह है कि नक्सलवाद-माओवाद के समय में भी जो लोग फल-फूल रहे हैं, सम्पन्नता जिनके सर चढ़कर बोल रही है क्या उन्होंने नक्सलियों का भरपूर साथ नहीं दिया है ? आप जितना भी कह लें कोई व्यक्ति जो बस्तर में फल फूल रहा है माओवादियों की आँखों के सामने आए बिना उनकी सहायता किए बिना यूँ ही निकल जाए ऐसा कैसे संभव था द्य वे लोग मदद उन आदिवासियों की नहीं की अपितु सहायता उन आदिवासियों की करी है जिन्होंने बन्दूक को अपना साथी बनाया था।
हम बस्तरियों ने देखा है लोगों ने बस्तर को लूटा, खूब लूटा, खूब लूटा, खूब लूटा द्य जल, जंगल, जमीन, जोरू इन चार शब्दों को पूरा करने के लिए साम, दाम, दंड, भेद सभी प्राप्त किया और जल ,जंगल, जमीन की अपनी जिजीविषा को पूरी करने के लिए जोरू बनाया आदिवासी युवतियों को और संपन्न भी हुए द्य प्रताड़ित कौन हुआ, कौन घर से दूर गया, किसने बन्दूक उठाई, कौन मृत्यु को प्राप्त हुआ ? किसने अपना बेटा खोया ? किसने अपनी बेटियाँ खोई ? आज बस्तर के जंगल में जंगली पशु देखने को नहीं मिल रहे नक्सलियों की आड़ में बाहरी तत्वों ने भी बहुत लाभ उठाया।
बस्तर का इतिहास कहता है कि 1324 ईस्वी में वारंगल से काकतीय वंश के राजा अन्नमदेव ने एक समृद्ध शाही विरासत का विस्तार किया जिसका आज पर्यंत राजशाही स्वरूप विद्यमान है, जिसकी एक झलक, जिसकी भव्यता हम 75 दिनों तक चलने वाले बस्तर दशहरा के रूप में देखते आ रहे हैं। फिर 1824-25 को शहीद गेंदसिंह और साथियों के द्वारा अंग्रेजों और मराठा शासकों से बस्तर से मुक्त करने के लिए चलाया गया अभियान जिसे हम परलकोट विद्रोह के नाम से जानते हैं। 1859 का ‘कोई’ विद्रोह जिसे पर्यावरण संरक्षण के लिए, साल वनों की कटाई से वनों को बचाने के लिए नांगुल दोरला और उनके साथियों ने एक पेड़ एक सर का नारा देकर जंगल की रक्षा की थी। फिर आता है 1910 का भूमकाल जिसमें अंग्रेजों से बस्तर को मुक्त करने के लिए महारानी सुवर्ण कुमारी और लाल कालेन्द्र के द्वारा नियुक्त वीर गुंडाधुर जिसने अंग्रेजों का डटकर मुकाबला किया था और अंत तक उनके हाथ नहीं आया था किन्तु ब्रिटिश सेना को उसने और उनके साथियों ने हिलाकर रख दिया था।
इसी क्रम में 1960 के दशक का बहुचर्चित बैलाडीला कांड बस्तर के इतिहास का एक ऐसा काला अध्याय है, जिसने पूरे अंचल की आत्मा को झकझोर कर रख दिया था। यह बात बैलाडीला लौह अयस्क परियोजना के शुरुआती दिनों की है, जब विकास के नाम पर आए कथित ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा लगभग 300 भोली-भाली आदिवासी युवतियों को विवाह का प्रलोभन देकर उनका दैहिक शोषण किया गया। कल्पना कीजिएकृएक ओर अपनी ही ज़मीन से विस्थापन की मार, और दूसरी ओर अपनी ही बेटियों के साथ हुए इस अमानवीय अनाचार की पीड़ा, इस दोहरे आघात ने समूचे बस्तर को स्तब्ध कर दिया था। इस जघन्य शोषण का पर्दाफाश तब हुआ, जब वर्ष 1968 में संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव शर्मा बस्तर के कलेक्टर बनकर आए। उन्होंने इस पूरे मामले की गहन जाँच की और इस अमानवीय कृत्य के विरुद्ध बेहद कठोर रूख अपनाया। डॉ. शर्मा ने एक ऐतिहासिक और साहसिक कदम उठाते हुए उन सभी दोषी पुरुषों के साथ पीड़ित आदिवासी युवतियों और महिलाओं का सामूहिक विवाह करवाया।
जनजातीय महिलाओं की अस्मिता की रक्षा करने, उन्हें सुरक्षा देने और समाज में पुनः सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए उठाया गया उनका यह निर्णय आज भी प्रशासनिक इतिहास में एक मिसाल माना जाता है। डॉ. ब्रह्मदेव शर्मा आजीवन आदिवासियों के जल, जंगल, ज़मीन और उनके सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित रहे। बस्तर के मूल निवासी उस दौर में भी अत्यंत भोले-भाले थे और आज भी उतने ही सहज और सरल हैं। आज सबसे बड़ी आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें उचित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें और भविष्य में कोई भी उनकी सरलता का अनुचित लाभ न उठा सके।
शोषण और विस्थापन के इसी असंतोष की जमीन पर बस्तर में एक और लंबा और रक्तरंजित दौर शुरू हुआ, जिसे प्रारंभ में नक्सलवाद का नाम दिया गया। न्याय और अधिकारों के नाम पर शुरू हुआ यह आंदोलन कब क्रूर माओवाद में तब्दील हो गया, इसका अहसास शायद स्वयं माओवादियों को भी नहीं हो पाया। दशकों तक वे यही दावा करते रहे कि उनकी यह लड़ाई आदिवासियों के जल, जंगल और ज़मीन को बचाने के लिए है। किंतु समय के साथ जो सच्चाई और साक्ष्य सामने आए, वे कुछ और ही कहानी कहते हैं। जंगलों से बरामद हुई करोड़ों की अघोषित संपत्ति और करोड़ों रुपये के अत्याधुनिक हथियारों के जखीरे ने इस कथित जनआंदोलन का असली चेहरा उजागर कर दिया। स्पष्ट हो गया कि विचारधारा के नाम पर यहाँ एक समानांतर सत्ता और वसूली का तंत्र खड़ा किया जा रहा था। दुर्भाग्यवश, यहाँ भी सीधा-सादा बस्तरिया बाहरी तत्वों के हाथों एक बार फिर ठगा गया।
खैर, अब वह काला अध्याय समाप्त हो चुका है और बस्तर सशस्त्र माओवाद के चंगुल से मुक्त हो गया है। इस ऐतिहासिक बदलाव के बाद आज पूरा देश और समाज नई उम्मीदों के साथ बस्तर की ओर टकटकी लगाए देख रहा है। दशकों तक बारूद की गंध और भय के साए में जीने के बाद, आज बस्तर एक नई सुबह की ओर कदम बढ़ा रहा है। अब बस्तर पुनः खुशहाल होगा और यहाँ की वादियों में फिर से वही पुराने लोकगीत और मधुर संगीत गूँजेंगे। गाँव-गाँव में दूर-दूर तक मांदर की थाप पर थिरकते युवाओं का समृद्ध सांस्कृतिक परिवेश एक बार फिर जीवित हो उठेगा।
ये पुराने और सुनहरे दिन निश्चित ही लौट आएंगे-ऐसी केवल आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है। यह विश्वास इसलिए भी अटल है क्योंकि हमने अपनी आँखों से पूरी एक पीढ़ी को आतंक के साए में सिर्फ अपने अस्तित्व और जीवन के लिए संघर्ष करते देखा है। उस अंधकारमय दौर के बाद अब बस्तर के आतंकमुक्त होने की घोषणा एक ऐतिहासिक मोड़ है। वर्तमान में क्षेत्र में चौतरफा और विकासात्मक गतिविधियाँ तेज़ी से संचालित हो रही हैं, जो बदलाव का संकेत देती हैं। हालांकि, विकास केवल कागजों या घोषणाओं तक सीमित न रहे, यह सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि इस नई शांति के दौर में बनने वाली सड़कें और बुनियादी ढाँचे कितने टिकाऊ और गड्ढामुक्त साबित होते हैं। यदि विकास की नींव ईमानदारी और गुणवत्ता पर टिकी रही, तो बस्तर को अपनी खोई हुई मुस्कान और गौरव वापस पाने से कोई नहीं रोक सकता।

