कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित पुरस्कार समारोह में केंद्रीय कर्मशाला, कोरबा ने दोहरी उपलब्धि हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। मुख्यालय द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय कर्मशाला के वरिष्ठ प्रबंधक (उत्खनन) श्री अरुण कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, केंद्रीय कर्मशाला, कोरबा को स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत ई-फाइल रिव्यू एवं क्लोजर में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
अरुण कुमार को मिला स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड
SECL के 42वें स्थापना दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय कर्मशाला, कोरबा के वरिष्ठ प्रबंधक (उत्खनन) अरुण कुमार को विशेष उपलब्धि पुरस्कार से नवाजा गया। यह सम्मान केंद्रीय कर्मशाला के महाप्रबंधक जी.के. द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
ई-फाइल रिव्यू और क्लोजर में केंद्रीय कर्मशाला को प्रथम स्थान
इस समारोह में केंद्रीय कर्मशाला, कोरबा को स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत ई-फाइल रिव्यू एवं क्लोजर श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला। यह उपलब्धि कार्यालयीन कार्यप्रणाली में बेहतर प्रबंधन, डिजिटल प्रक्रियाओं और लंबित फाइलों के निपटारे की दिशा में किए गए प्रयासों को दर्शाती है।
महाप्रबंधक के नेतृत्व में मिली दोहरी सफलता
केंद्रीय कर्मशाला, कोरबा के महाप्रबंधक जी.के. द्विवेदी के मार्गदर्शन में संस्थान को मिली इन दोहरी उपलब्धियों से कर्मचारियों में उत्साह है। SECL के स्थापना दिवस पर मिले इन सम्मानों को केंद्रीय कर्मशाला की कार्यक्षमता और टीमवर्क की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

