राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। इस दौरान ईश्वरीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव में शामिल होने शांति सरोवर आश्रम पहुंची हैं। राष्ट्रपति यहां पर विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव ‘ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज’ थीम की लॉन्चिंग करेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत में सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ऐसा लगा कि मानो कोई अपना ही घर आया है। इसके बाद राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मेयर एजाज ढेबर ने उनकी अगुवाई की। मेयर ने राष्ट्रपति को चांदी से बनी शहर की चाबी भी सौंपी। इसके बाद एयरपोर्ट पर ही पुलिस के जवानों ने राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यह पहला मौका है, जब राष्ट्रपति अपनी बेटी के साथ किसी यूनिवर्सिटी और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आई हैं।
राष्ट्रपति की बेटी इतिश्री पेशे से बैंकर हैं। अपने पिता श्यामचरण मुर्मू और दो भाइयों को खोने के बाद बेहद कठिन समय में मां द्रौपदी मुर्मू का सहारा बनीं थीं। राष्ट्रपति ने बेटी इतिश्री के साथ भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर पूजन और आरती भी की। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर में राजभवन में ब्रह्माकुमारी प्रजापिता की ओर से आयोजित भोज में शामिल होंगी। रायपुर में वे महंत घासीदास संग्रहालय भी जाएंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। दूसरे दिन यानी की एक सितंबर की सुबह बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।


