नई दिल्ली: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बघेल को तत्काल प्रभाव से बिहार में भारत जोड़ो न्याय यात्रा और अन्य पार्टी गतिविधियों के समन्वय के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा क्या है?
राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी से मणिपुर में हुई थी। ये यात्रा गुरुवार को पश्चिम बंगाल पहुंची थी, जहां ये 27 तारीख तक रुकेगी। इसके बाद 28 जनवरी से ये यात्रा फिर शुरू होगी। हालांकि राहुल की इस यात्रा को पहले असम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं बाद में पश्चिम बंगाल में भी यात्रा में कुछ रुकावटें आईं। दरअसल पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और टीएमसी के बीच कुछ तनाव देखने को मिला, जिसका असर यात्रा पर भी पड़ा।