Monday, March 10, 2025

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन ने 51 जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह सम्पन्न कराया

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 3 मार्च को फुलेरा दूज के शुभ अवसर पर एक भव्य निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सनातन धर्म के 51 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और पूर्ण धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। यह समारोह रायपुर के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री दीनदयाल अग्रवाल के होटल एंट्री पॉइंट में सम्पन्न हुआ।

संगठन की विशेष भागीदारी

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों का विशेष योगदान रहा। संगठन के चेयरमेन अशोक मोदी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, संरक्षकगण सियाराम अग्रवाल, जयदेव सिंघल, महेन्द्र सक्सेरिया, नेतराम अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजू अग्रवाल, महामंत्री संजय अग्रवाल, विनोद तर्रा, पंकज अग्रवाल, गंगा अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल रायपुर ,आशीष सक्सेरिया, दुर्ग, जिला इकाई रायपुर के अध्यक्ष हरिकेश पालीवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस आयोजन को सफल बनाने में संयोजिकाएं श्रीमती शोभा केडिया (कोरबा) एवं गुंजा सुल्तानिया एवं महिला संगठन का विशेष योगदान रहा। इसके साथ ही जय नारायण अग्रवाल (बसना), मनोज अग्रवाल (दुर्ग), विजीया गोयनका, मीरा गोयनका, मंजू अग्रवाल (रायपुर), जगदीश अग्रवाल, भगवती गोयनका (कोरबा) समेत कई समाजसेवियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने इस आयोजन को भव्य बनाने में सहयोग दिया।

समाज के निम्न वर्ग के लिए एक वरदान

यह आयोजन विशेष रूप से उन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किया गया, जो अपनी कन्याओं के विवाह का खर्च वहन करने में असमर्थ थे। अग्रवाल संगठन ने 51 कन्याओं का विवाह निःशुल्क संपन्न कराया और नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन में उपयोगी आवश्यक वस्तुएं भेंट कीं।

विवाह की भव्यता और रस्में

इस आयोजन की शुरुआत सुबह 8 बजे से हुई और रात 8 बजे तक चली। कार्यक्रम में हल्दी, मेहंदी और मंगल गीतों के साथ पारंपरिक रस्में निभाई गईं। 51 जोड़ों का विवाह 51 आर्य समाज के विद्वान आचार्यों द्वारा संगीतमय मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया।

नवविवाहित जोड़ों के लिए उपहार और आशीर्वाद

अग्रवाल संगठन की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक अलमारी, पंखा, बर्तन, कपड़े, मिठाईयां, सूटकेस, बैग, गद्दे, तकिया, चादर, मिक्सी मशीन, आयरन एवं अन्य घरेलू सामान प्रदान किया गया। इसके साथ ही समाज की महिलाओं द्वारा जोड़ों को नगद राशि और उपहार भेंट किए गए। प्रत्येक जोड़े को लगभग ₹70,000 से अधिक की सामग्री एवं नगद सहयोग प्रदान किया गया।

विशेष उपहार और प्रेरणादायक संदेश

कृष्णा मोदी ग्रुप (कोरबा) द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को श्रीराम चरित मानस की पुस्तक भेंट की गई, ताकि वे अपने वैवाहिक जीवन में धार्मिक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।

सामाजिक एवं राजनैतिक सहभागिता

इस अवसर पर बसना के विधायक श्री संपत अग्रवाल और रायपुर के सांसद श्री सुनील सोनी ने उपस्थित रहकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और इस सामाजिक पहल की सराहना की।

संगठन ने किया आभार व्यक्त

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमेन अशोक मोदी ने संगठन के सभी कार्यकर्ताओं, महिला संगठन, युवा संगठन, दानदाताओं, शासन, प्रशासन, मीडिया एवं प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

समाज में एक नई पहल

यह निःशुल्क सामूहिक विवाह आयोजन छत्तीसगढ़ में समाज सेवा की एक मिसाल बनकर उभरा है। यह पहल समाज में एकता, सहयोग और परोपकार की भावना को मजबूत करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -