कोरबा। त्योहारी सीजन में मिठाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए कोरबा जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर की मिठाई और नमकीन दुकानों में जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की है। इस दौरान एक दुकान से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, जबकि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली तीन फर्मों में खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर चला जांच अभियान
कलेक्टर कुणाल दुदावत और नगर निगम आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 4 नवंबर को शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
जांच के दौरान निहारिका स्थित प्रभात डेयरी से काजू बर्फी और पेड़ा के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
तीन दुकानों में खरीद-बिक्री पर लगाई रोक
जांच के दौरान बुधवारी बाजार स्थित शारदा डेयरी, दर्री स्थित श्याम स्वीट्स और तुलसी नगर स्थित बालाजी नमकीन में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया।
इस पर खाद्य विभाग की टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुधार होने तक उनकी खरीद-बिक्री बंद करा दी है। संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




