कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने चोरी और मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में गेवरा-पेंड्रा रोड नई रेल लाइन परियोजना से करीब 3 लाख रुपए कीमत का 300 मीटर OHE कॉपर कैटेनरी वायर चोरी किया गया था। वहीं, दूसरे मामले में SECL की सिंघाली खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर सुरक्षा प्रहरियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दूसरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नई रेल लाइन परियोजना से 300 मीटर कॉपर वायर चोरी
पुलिस के मुताबिक, 30-31 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात घुड़देवा इलाके में गेवरा-पेंड्रा रोड नई रेल लाइन परियोजना से 300 मीटर OHE कॉपर कैटेनरी वायर चोरी हो गया था। चोरी गए तार की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। इस मामले में अभिषेक कुमार पंडित ने 31 अक्टूबर को बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सिद्ध कुमार बघेल से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी का तार गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटले से लेकर किरण कबाड़ी दुकान के आकाश साहू को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने गुलशन बर्मन, गिरीलाल पटले और सिद्ध कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन बर्मन (21), निवासी जेदुकछाई, जो सुरक्षा गार्ड है। गिरीलाल पटले (39), निवासी बेलटुकरी, बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा और सिद्ध कुमार बघेल (41), निवासी घुड़देवा शामिल हैं।
सिंघाली खदान में घुसकर सुरक्षा प्रहरियों से मारपीट
दूसरा मामला SECL की सिंघाली खदान का है। शिकायतकर्ता प्रताप नारायण पटेल ने पुलिस को बताया कि वह मारखं यादव, जगतराम यादव, रमेश पटवा और घुमान दास के साथ खदान की वर्कशॉप में ड्यूटी कर रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 8:40 बजे सोना उर्फ वीरेंद्र, परमेश्वर, तखत और विजय कथित तौर पर चोरी की नीयत से खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा प्रहरियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान पत्थर भी फेंके और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामले में विरेन्द्र कुमार पाटले उर्फ सोना (23), निवासी बांधापारा अरदा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल परमेश्वर, तखत और विजय सहित अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दो मामलों में चार गिरफ्तार, पुलिस की जांच जारी
बांकीमोंगरा पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि रेलवे परियोजना से कॉपर वायर चोरी और सिंघाली खदान में सुरक्षा प्रहरियों से मारपीट के मामलों में आगे की जांच जारी है। दूसरे मामले के फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




