कांकेर में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या करने के विरोध में कापसी में भाजपाइयों ने चक्काजाम कर दिया। पखांजूर से कांकेर मार्ग पर आवागमन बंद है। यात्री बसें नहीं चल रही है। व्यापारियों ने भी दुकानें बंद रखी है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा असीम रॉय के अंतिम संस्कार में शामिल होने पखांजूर पहुंच सकते हैं।
बांदे, पखांजूर, कापसी और बड़गांव में भी बंद का असर देखने को मिला। यहां भी सुबह से सभी दुकानें बंद रखी गई हैं। व्यापारी और भाजपा नेताओं ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पखांजूर में रविवार देर रात भाजपा पार्षद विकास पाल के होटल के सामने भारी तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि विकास पाल ने नगर पंचायत पखांजूर में अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस का साथ दिया था।

जानें पूरा मामला
कांकेर के पखांजूर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और बीजेपी नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार देर शाम करीब 8 बजे अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग पखांजूर के पुराना बाजार में हुई। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रविवार रात 8 बजे असीम राय रोजाना की तरह पखांजूर थाना से महज कुछ दूर पहले स्कूटी से गढ़चिरौली मार्ग तिराहे से गुजर रहे थे, जहां रविवार को छोटा बाजार लगता है। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात हमलावर बाइक से आए और फायरिंग कर दी।