CG ACB Action दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भविष्य निधि (PF) की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, विभाग के एक कर्मचारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए भविष्य निधि (PF) से 5 लाख रुपये निकालने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी कराने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश में लगातार हो रही ACB की कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों ने आम नागरिकों और कर्मचारियों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल ACB से करें।



