कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए हुई दोस्ती के बाद 24 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अहमदाबाद निवासी एक युवक युवती से मिलने कोरबा पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर चला गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से युवती की तलाश शुरू की। आखिरकार चार दिन बाद पुलिस ने उसे राजस्थान की राजधानी जयपुर से बरामद कर लिया। युवती के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
ऑनलाइन लूडो खेलते समय अहमदाबाद के युवक से हुई पहचान
परिजनों के मुताबिक, युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो गेम खेलती थी। इसी दौरान उसकी पहचान अहमदाबाद के रहने वाले एक युवक से हुई। शुरुआत में दोनों के बीच गेम के दौरान बातचीत होती थी, लेकिन धीरे-धीरे संपर्क बढ़ने लगा। आरोप है कि युवक युवती से मिलने अहमदाबाद से कोरबा आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का फायदा उठाने का आरोप
परिजनों ने बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह अपने पास मोबाइल फोन भी नहीं रखती थी। आरोप है कि युवक ने उसकी स्थिति का फायदा उठाया और उसे अपने साथ लेकर चला गया। युवती के अचानक घर से लापता होने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की तलाश शुरू की।
साइबर सेल की मदद से जयपुर तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती की पहचान ऑनलाइन लूडो गेम के माध्यम से अहमदाबाद निवासी युवक से हुई थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जानकारी जुटाई और युवती की लोकेशन का पता लगाया।
पुलिस की टीम ने चार दिन की तलाश के बाद राजस्थान के जयपुर से युवती को बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सकुशल कोरबा लाया गया और परिजनों के सुपुर्द किया गया।
युवती की चांदी की पायल बेचने का भी आरोप
परिजनों के मुताबिक, युवक युवती को अपने साथ ले जाने के बाद ठीक से खाना-पीना भी नहीं दे रहा था। इतना ही नहीं, आरोप है कि युवती के पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने दी जानकारी
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

