CG Murder : कोरबा, 20 जुलाई। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैसामुड़ा में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी के शव के पास बैठा रहा और सोमवार सुबह खुद गांव वालों को वारदात की जानकारी दी।
शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पति और उसकी पत्नी रविवार रात घर में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पत्नी ने बची हुई शराब पी ली, जिससे पति नाराज हो गया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखे डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में और कोई मौजूद नहीं था।
पूरी रात शव के पास बैठा रहा आरोपी
घटना के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश नहीं की। ग्रामीणों के मुताबिक वह पूरी रात घर में पत्नी के शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह वह खुद गांव के कुछ लोगों के पास पहुंचा और कहा कि उसने पत्नी को मार दिया है।
यह सुनते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला को मृत अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस की टीम गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे में हुई मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।



