CG NEWS : महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झारा में 18 वर्षीय युवती भारती टंडन की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जन्मदिन की रात घर से लापता हुई युवती की हत्या उसके नाबालिग प्रेमी ने ही की थी। आरोपी ने युवती को बर्थडे गिफ्ट देने के बहाने मिलने के लिए बुलाया और बाद में पत्थर से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को नाले किनारे रेत में दफना दिया।
पुलिस के अनुसार, भारती टंडन अपने जन्मदिन की रात घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान तीन दिन बाद गांव के पास एक नाले के किनारे रेत में दबा युवती का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और पूछताछ के आधार पर पुलिस को युवती के नाबालिग प्रेमी पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
* *धारदार हथियार लेकर आने जाने वालो को डराने वाला आरोपी चढ़ा कोतवाली पुलिस के हत्थे*
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में शादी और भविष्य को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी तनाव के चलते आरोपी ने युवती को जन्मदिन पर गिफ्ट देने का झांसा देकर मिलने बुलाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी ने पत्थर से युवती के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को नाले के किनारे रेत में दफनाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की जांच में पूरा मामला उजागर हो गया।
पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



