भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में भरोसे का सम्मेलन आयोजित किया। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनावी शंखनाद कर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाया। इधर, खरगे के छत्तीसगढ़ आगमन पर भाजपा हमलावर हो गई है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि कांग्रेस और प्रदेश सरकार खुद ही अपने प्रति भरोसे के भयावह संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार के घपलों-घोटालों और भ्रष्टाचार ने कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ की प्रस्तावना लिख दी है। समूचा प्रदेश समवेत स्वर में कह रहा है- ‘भूपेश है तो भरोसा है, छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में भ्रष्टाचार परोसा है।’
छत्तीसगढ़ की जनता का कांग्रेस पर अटूट भरोसा: दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जांजगीर में कांग्रेस सरकार के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता का अटूट भरोसा दिखा। भरोसे का सम्मेलन कांग्रेस और कांग्रेस सरकार की सफलता की झांकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की गरिमामय उपस्थिति में कांग्रेस सरकार अपनी उसी उपलब्धियों का प्रदर्शन हितग्राहियों ने किया। जांजगीर-चांपा के भरोसे का सम्मेलन 2023 के विधानसभा चुनाव का आईना है। यहां उपस्थित जनता का प्यार बताने के लिए पर्याप्त है कि 2023 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।
उन्होंने भाजपा पर पलटवार कर कहा कि राज्य निर्माण के बाद 15 साल तक भाजपा की सरकार रही मगर जनता का भरोसा नहीं जीत पाई। उस दौरान किसान, भूमिहीन कृषि मजदूर और गांव में रहने वाले लोहार, बढई ,नाई, ग्राम पुजारियों के परिवारों के बारे में कभी भी सोचा नहीं गया।


