जिले के थाना चांपा क्षेत्रांतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा के संकुल केंद्र से चोरी करने वाले गिरोह के फरार चल रहे आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये से अधिक का चोरी का सामान बरामद किया है।
विवरण प्रार्थी नवनीत पटेल निवासी बेलदार पारा चांपा, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा में प्राचार्य हैं, जिसने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि, दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को स्कूल बंद कर स्टाफ घर चला गया था। 8 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर देखा गया कि संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, 5 सेट एलईडी लाइट, 2 कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर, सर्किट बोर्ड गायब मिले। अज्ञात चोरों ने खिड़की का रॉड तोड़कर अंदर प्रवेश कर सामान चोरी कर लिया था।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
गिरोह का पर्दाफाश, मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
पूर्व में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे निवासी बैगीन बंधान चांपा को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ पर तीनों ने मिलकर चोरी करना स्वीकार किए जाने से उनके कब्जे से 2 एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई, प्रोजेक्टर, बैटरी, टुल्लू पंप समेत कुल 1,03,200 रुपये का सामान बरामद किया गया था जिसको तीनों को 5 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
फरार चल रहे आरोपी कुनाल मिरी पिता बुधेश्वर मिरी उम्र 21 वर्ष निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा की तलाश जारी थी। जिसको मुखबिर की सूचना पर उसे उसके घर से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। उसके कब्जे से छिपाकर रखा गया सीपीयू, की-बोर्ड और कांसा के बर्तन बरामद किया जाकर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि बाबुलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी और थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


