रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के प्रस्तावित 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी देने से फिलहाल इनकार कर दिया है। निरीक्षण के दौरान फैकल्टी की कमी, अधोसंरचना की खामियां, उपकरणों की अनुपलब्धता और अन्य जरूरी मानकों में गंभीर कमी पाए जाने के कारण यह फैसला लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, NMC ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों को पूरा किए बिना नए मेडिकल कॉलेजों को अनुमति नहीं दी जा सकती।
गौरतलब है कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों को फैकल्टी और संसाधनों की कमी को लेकर नोटिस तथा जुर्माने का सामना करना पड़ा था। NMC ने चेतावनी दी है कि कमियों को जल्द दूर नहीं किया गया तो भविष्य में सीटों और मान्यता पर भी असर पड़ सकता है।
इस फैसले से प्रदेश में MBBS की नई सीटों के विस्तार की योजना प्रभावित हो सकती है, वहीं स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।


