रायपुर, 02 नवंबर 2026/ नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 में छत्तीसगढ़ अपनी ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों और निवेश संभावनाओं के साथ भागीदारी कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचकर छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन करेंगे। पवेलियन में राज्य की ऊर्जा क्षमता, ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं, भावी योजनाओं और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री समिट में शामिल होने आए देश-विदेश के निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद आयोजित मुख्यमंत्रियों एवं केंद्रीय मंत्रियों की राउंड टेबल चर्चा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ का ऊर्जा विजन, राज्य में ऊर्जा क्षेत्र के विकास की संभावनाएं और निवेश के अवसर प्रस्तुत करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित इस वैश्विक समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। 2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस आयोजन में विभिन्न राज्यों ने अपने पवेलियन और प्रदर्शनियां स्थापित की हैं। इनके माध्यम से राज्य अपनी ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों, परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री भी विभिन्न राज्यों के पवेलियनों का अवलोकन करेंगे।
छत्तीसगढ़ इस समिट के माध्यम से देश-विदेश के निवेशकों के समक्ष राज्य की ऊर्जा क्षमता, ग्रीन एनर्जी के लक्ष्य और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाओं को सामने रख रहा है।
क्रमांक-10558/
समाचार
शहरी स्वच्छता और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन को मिलेगी मजबूती: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े
शिवनंदनपुर में 65.07 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एमआरएफ-एसएलआरएम सेंटर का भूमिपूजन
रायपुर, 2 नवंबर 2026/ महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले की नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 65.07 लाख रुपये की लागत से बनने वाले एमआरएफ-एसएलआरएम सेंटर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस केंद्र के निर्माण से नगर में कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
यह पहल नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्वच्छ एवं सुंदर शिवनंदनपुर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र के माध्यम से कचरे के व्यवस्थित प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और नगर को स्वच्छ बनाए रखने के प्रयासों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रितेश जायसवाल, श्री बाबूलाल अग्रवाल, श्री अजय गोयल, श्री ललित गोयल, श्री मनीबग्गा, श्री अंशुल गोयल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




