जांजगीर-चांपा 4 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु संचालित प्रगतिरत जल आवर्धन योजना के कार्यों का आज कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा तथा तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए सुनियोजित कार्ययोजना के अनुसार कार्य पूर्ण किया जाए। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, 9.30 लाख लीटर एवं 24.50 लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंकों का निर्माण तथा वार्डों में घर-घर जल कनेक्शन प्रदान किए जाने का कार्य शामिल है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने बिरगहनी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी अवलोकन किया। उन्होंने जल शोधन की प्रक्रियाओं, मशीनरी इंस्टॉलेशन, फिल्ट्रेशन सिस्टम एवं परीक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यों में किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि न हो तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को अनावश्यक विलंब से बचते हुए निर्धारित समय-सीमा नवंबर 2027 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि योजना पूर्ण होने पर जांजगीर-नैला में हसदेव नदी से नियमित एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे नागरिकों को पेयजल का स्थायी समाधान मिलेगा। इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी जांजगीर-नैला सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


