जांजगीर-चांपा 15 जून 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 16 जून से नियमित रूप से कक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं, शाला प्रवेशोत्सव एवं शिक्षण व्यवस्था की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय खुलने के प्रथम दिवस पर नवप्रवेशी एवं विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध करायें ताकि वे उत्साह के साथ विद्यालय आए।
बैठक में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को समय पर गणवेश, पाठ्यपुस्तकों, सायकल एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी तीन माह का रोडमैप एवं नवीन शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना तैयार कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ नियमित उपस्थिति दर्ज कराने वाले, खेलकूद, वृक्षारोपण तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का भी सम्मान किया जाए, जिससे अन्य विद्यार्थी प्रेरित हो सकें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सेवानिवृत्त शिक्षक जो शिक्षण कार्य में रुचि रखते हैं, उनके अनुभव का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाए। कलेक्टर ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शाला प्रबंधन समितियों के गठन की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रारंभ होने से पूर्व सभी शाला भवनों, कक्षाओं एवं परिसर की साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। किसी भी परिस्थिति में जर्जर एवं असुरक्षित भवनों में कक्षाएं संचालित न की जाएं।
बैठक में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, अनावश्यक अवकाश पर नियंत्रण रखने तथा विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने शाला त्यागी बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने, उपस्थिति बढ़ाने तथा ड्रॉपआउट दर में कमी लाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन करने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन शिक्षा सत्र की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं गुणवत्तापूर्ण वातावरण में हो, इसके लिए सभी अधिकारी और शिक्षक समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




