पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों विपक्षी दलों के ‘इंडी अलायंस’ को मजबूत करने के लिए देश की राजधानी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं. लेकिन दिल्ली में उनकी मौजूदगी के बावजूद उनकी अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर एक ऐसा तूफान उठ खड़ा हुआ है, जिसने बंगाल से लेकर दिल्ली तक के सियासी गलियारों को हिलाकर रख दिया है. दीदी उधर विपक्ष के बड़े नेताओं के साथ बैठक कर रही थीं और इधर दिल्ली में ही उनकी पार्टी के 14 बागी सांसदों ने बीजेपी के कद्दावर नेताओं के साथ मिलकर टीएमसी के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं।
भूपेंद्र यादव के घर लगी सीक्रेट क्लास
न्यूज़18 बांग्ला में छपी खबर के मुताबिक, दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग पर स्थित केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के सरकारी आवास पर सोमवार को एक बेहद गोपनीय बैठक हुई. इस बैठक की खबर जैसे ही मीडिया में आई, हड़कंप मच गया. सूत्रों का दावा है कि इस वीआईपी बंगले के भीतर टीएमसी के 14 बागी सांसद पहुंचे हुए थे, जो ममता बनर्जी के दिल्ली में रहते हुए भी पार्टी से बगावत का बिगुल फूंक रहे थे. हैरान करने वाली बात यह है कि यह बैठक ठीक उसी समय हो रही है जब यहाँ से कुछ ही किलोमीटर दूर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विपक्षी गठबंधन की बैठक चल रही है, जहां खुद ममता बनर्जी मौजूद हैं.


