चमोली/देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, चमोली जिले में रिक्टर स्केल पर 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप सुबह 10 बजकर 21 मिनट 11 सेकंड पर आया। झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र चमोली में 30.380 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.581 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
भूकंप के झटकों के बाद लोगों में कुछ समय तक डर का माहौल बना रहा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है उत्तराखंड
उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील है। हिमालयी क्षेत्र में भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच लगातार होने वाली हलचल के कारण भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। यही वजह है कि उत्तराखंड और आसपास के पहाड़ी इलाकों में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
Earthquake Breaking News: चमोली में आए 4.1 तीव्रता के भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

