Saturday, February 14, 2026

आज फिर दिल्ली कूच को तैयार किसान, अंबाला में इंटरनेट बंद; मुस्तैद हो गई पुलिस

हरियाणा और पंजाब के शंभू बॉर्ड पर एक बार फिर तनातनी का माहौल है। आज फिर से 101 किसानों की अगुआई में किसान दिल्ली कूच करने वाले हैं। किसानों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 101 किसानों का ग्रुप दिल्ली की ओर रवाना होगा। वहीं शंभू बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की सेहत लगातार खराब हो रही है। हरियाणा में कई जगहों पर पुलिस को मुस्तैद कर दिया गया है। वहीं अंबाला जिले में सीमा से लगे गांवों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

जगजीत सिंह डल्लेवाल खनौरी सीमा पर 19 दिन से आमरण अनशन पर हैं। इस बीच किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने शंभू प्रदर्शन स्थल पर संवाददाताओं को बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले 101 किसानों का एक समूह 14 दिसंबर को दोपहर में शंभू सीमा से दिल्ली तक पैदल मार्च करने का एक और प्रयास करेगा।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसान 13 फरवरी से पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू और खनौरी सीमा पर डेरा डाले हुए हैं। सुरक्षा बलों ने उन्हें दिल्ली जाने से रोक दिया था। किसानों के एक समूह ने छह दिसंबर और आठ दिसंबर को पैदल दिल्ली में प्रवेश करने का प्रयास किया। हरियाणा में सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।

हरियाणा के अधिकारियों द्वारा पिछले दो मौकों पर दिल्ली तक पैदल मार्च करने की अनुमति नहीं देने का जिक्र करते हुए पंधेर ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि पैदल चल रहे 101 किसान कैसे खतरा पैदा कर सकते हैं। पंधेर ने कहा कि किसानों के आंदोलन तेज करने से पहले सरकार को बातचीत करनी चाहिए। एक प्रश्न के उत्तर में पंधेर ने डल्लेवाल की स्वास्थ्य स्थिति को “गंभीर” बताया तथा कहा कि आमरण अनशन शुरू करने के बाद से उनका वजन 14 किलो कम हो गया है। उन्होंने कहा, “हम शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।”

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -