कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एसएलआरएम (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) सेंटर में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास की एसईसीएल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।
लंबे समय से बंद सेंटर में जमा था कचरे का ढेर
जानकारी के अनुसार, एसएलआरएम सेंटर का निर्माण कचरा संग्रहण और पुनर्चक्रण के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन यह लंबे समय से बंद पड़ा है। रखरखाव नहीं होने के कारण सेंटर के अंदर और बाहर सूखा कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट बड़ी मात्रा में जमा था। मंगलवार रात इसी कचरे में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
पूर्व पार्षद की सूचना पर पहुंची दमकल टीम
घटना की जानकारी स्थानीय निवासियों ने पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर को दी। उन्होंने तत्काल एसईसीएल के अधिकारियों और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बिजली लाइन से चिंगारी निकलने की आशंका
पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर के मुताबिक, सेंटर लंबे समय से बंद है और वहां कचरे का अंबार लगा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि पास से गुजर रही बिजली लाइन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
बगल में ही है SECL कर्मचारियों की कॉलोनी
एसएलआरएम सेंटर के ठीक बगल में एसईसीएल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी स्थित है। ऐसे में आग की लपटें मकानों तक पहुंचने की आशंका से लोग दहशत में आ गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल टीम समय पर नहीं पहुंचती तो आग बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी। दमकल कर्मियों की तत्परता से कॉलोनी पर मंडरा रहा खतरा टल गया।
सेंटर की बदहाली पर उठे सवाल
लंबे समय से बंद पड़े एसएलआरएम सेंटर में कचरे का ढेर जमा होने से रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सेंटर की नियमित सफाई और उचित प्रबंधन की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




