Wednesday, March 12, 2025

नॉर्थ ईस्ट में बाढ़ ने मचाई तबाही, 4 जुलाई तक छुट्टी का ऐलान; 8 लोगों की मौत

नई दिल्ली : पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। लगातार बारिश के कारण बुधवार को सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बुधवार को राज्य में आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के पानी में गिरने से त्रिपुरा में एक दंपत्ति की मौत हो गई। वहीं, बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मणिपुर की सरकार ने सरकारी संस्थानों में 3 जुलाई की छुट्टी की घोषणा की थी। इसे बढ़ाकर अब 4 जुलाई कर दिया गया है।

सरकारी आदेश में आम जनता से अपने-अपने घरों के अंदर रहने की अपील की गई है। आदेश के मुताबिक, आपातकालीन स्थिति को छोड़कर बाहर न निकलें, ताकि अधिकारी बचाव और राहत कार्य सुचारू रूप से कर सकें। सरकार ने अपने आदेश में कहा है कि बचाव और राहत अभियान और आवश्यक सेवाओं में शामिल विभाग जैसे गृह, पुलिस, अग्निशमन सेवाएं, जिला प्रशासन, राहत और आपदा प्रबंधन, बिजली, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, लोक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग, जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग, सामान्य प्रशासनिक विभाग, उपभोक्ता मामले खाद्य और सार्वजनिक वितरण, लघु सिंचाई और वन में छुट्टी नहीं होगी।

असम में बाढ़ से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं और बृहस्पतिवार को राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बुलेटिन में बताया गया कि बाढ़ के कारण राज्य के 29 जिलों में 16.50 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, कामरूप (मेट्रो) जिले में अलर्ट जारी किया गया है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा बृहस्पतिवार को गुवाहाटी के मालीगांव, पांडु पोर्ट और मंदिर घाट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। शर्मा ने बुधवार देर रात सभी जिला आयुक्तों के साथ बाढ़ की स्थिति पर एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे 15 अगस्त से पहले सभी पुनर्वास दावों को मानदंडों के अनुसार पूरा करें और मुख्यालय को सटीक जानकारी प्रदान करें ताकि लोगों को पर्याप्त राहत दी जा सके।

इससे पहले बुधवार को जारी एएसडीएमए की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, सोनितपुर जिले के तेजपुर राजस्व क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई जबकि मोरीगांव के मायोंग, डिब्रूगढ़ के नहरकटिया, दरांग के पब मंगलाडी, गोलाघाट के देरगांव, बिश्वनाथ के हलेम और तिनसुकिया के मार्गेरिटा में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -