जांजगीर-चांपा, 12 मार्च 2026/ राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला जेल परिसर जांजगीर में बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण के लिए शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता श्रीवास्तव ने बताया कि इस दौरान आधुनिक हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से टीबी की स्क्रीनिंग की गई तथा बंदियों को हेपेटाइटिस-बी संक्रमण से बचाव हेतु टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण के माध्यम से बचाव एवं जागरूकता सुनिश्चित करना था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में हैंड हेल्ड डिजिटल एक्स-रे मशीन के माध्यम से टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसी क्रम में उच्च जोखिम समूह के अंतर्गत जिला जेल परिसर जांजगीर में बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई। 09 मार्च 2026 से प्रारंभ इस अभियान के तहत पहले दिन 63 बंदियों तथा 10 मार्च 2026 को 106 बंदियों की स्क्रीनिंग की गई। इस प्रकार कुल 169 बंदियों की जांच की गई, जिनमें से 28 बंदियों का चेस्ट एक्स-रे कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला नोडल अधिकारी (एनटीईपी) डॉ. पुष्पेंद्र लहरे, प्रोग्राम कंसल्टेंट एवं जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. अंजुलता साहू, जिला नोडल अधिकारी डॉ. दीपक साहू, जेलर श्री डी.डी. टोण्डे, श्री विशाल पटेल, टीबी समन्वयक श्री उमाशंकर साहू, रेडियोग्राफर श्री जयेश साहू तथा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक श्री मुकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


