जांजगीर-चांपा जिले के नारियरा गांव में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी ने अमित राठौर नाम के नगर सैनिक के पिता धरमलाल राठौर की कुल्हाड़ी और हंसिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी संतराम पटेल मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने रात में शव रखकर प्रदर्शन किया और परिवार को मुआवजा-नौकरी देने की मांग की है। घटना मुलमुला थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, धरमलाल राठौर ने अपने बेटे नगर सैनिक अमित के साथ पड़ोसी से जमीन खरीदी थी। इसे लेकर अक्सर विवाद हुआ करता था। जिसकी शिकायत भी मुलमुला थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में कहा गया था कि, संतराम ने कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दी। हालांकि इस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

खेत से घर लौटते समय किया हमला
10 नवंबर को धरमलाल खेत में जाकर धान कटवा रहा था। तभी संतराम पटेल ने देखा और अपनी मां को सूचना दी। शाम 4 बजे धरमलाल आम और आंवले का पत्ता लेकर घर आ रहा था। तब संतराम ने अपने कुल्हाड़ी और हंसिया से उस पर हमला कर दिया।





