Monday, July 7, 2025

कर्नाटक में इंटर-रिलिजन कपल के साथ मारपीट:6 लोगों ने होटल के कमरे में घुसकर लात-घूसों से मारा, वीडियो भी बनाया

हावेरी जिले की यह घटना 7 जनवरी की है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।  - Dainik Bhaskarकर्नाटक में एक होटल में जबरदस्ती घुसकर 6 लोगों ने कपल के साथ मारपीट की। कपल का कसूर सिर्फ इतना था कि ये दोनों अलग-अलग धर्म से थे। आरोपियों ने लात-घूसे मारते हुए खुद ही वीडियो बनाया, जो अब वायरल हो रहा है।

पुलिस ने बताया कि हावेरी जिले की यह घटना 7 जनवरी की है। पीड़ित कपल ने हनागल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सभी 6 आरोपी अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। इनमें से 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

वीडियो में बुरी तरह पीटते दिखे हमलावर
सोशल मीडिया पर वीडियो में देखा जा सकता है कि हमलावर कमरे के बाहर खड़े हैं। वो दरवाजा खटखटाकर उसके खुलने का इंतजार करते हैं। जैसे ही भीतर से एक पुरुष ने कमरे का दरवाजा खोला। वैसे ही सारे आरोपी भीतर घुस जाते हैं।

कुछ हमलावर महिला की ओर बढ़ते हैं, जो उन्हें देखकर अपना चेहरा ढकने लगती है। तभी एक हमलावर उसे इतनी जोर से मारता है कि वह जमीन पर गिर जाती है। आरोपियों ने महिला के साथ मौजूद पुरुष के साथ भी मारपीट की। उसने भागने की कोशिश की तो दो-तीन हमलावरों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई करते हैं।

पिटाई की वजह से महिला बेड के कोने में जाकर छिप जाती है। इस दौरान एक आरोपी पहले तो उसे फिर से थप्पड़ मारता है और फिर उसे खींचते हुए कोने से बाहर निकालता है। पूरे वीडियो में हमलावर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए सुने जा सकते हैं।

वीडियो से लिया गया स्क्रीनशॉट है, जिसमें एक हमलावर दिख रहा है।
वीडियो से लिया गया स्क्रीनशॉट है, जिसमें एक हमलावर दिख रहा है।

किसी संगठन से नहीं जुड़े हमलावर: पुलिस
हावेरी के एसपी अंशू कुमार ने कहा कि वो जल्द ही बाकी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। उन्होंने आगे कहा कि बदमाश स्थानीय थे और किसी संगठन से जुड़े नहीं थे। शुरुआत में यह एक हमले का मामला था और हमने दो लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों पर किडनैपिंग, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना, हमला और हत्या की कोशिश जैसी धाराएं लगाई गई हैं।

6 जनवरी को बेलगावी में हुई थी ऐसी घटना
कर्नाटक में 6 जनवरी को एक ऐसी ही घटना हुई थी। बेलगावी में चचेरे भाई बहन को इंटर-रिलिजन जोड़ा समझकर पीटा गया था। इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जो अल्पसंख्यक समुदाय से थे। पुलिस को बताया कि उनको कई घंटे तक पीटा गया। इस दौरान उनका मोबाइल और पैसे छीन लिए गए।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -