जांजगीर-चांपा, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में 20 अगस्त को ग्राम सभा में जनसंवाद 2.0 विकसित भारत ग्राम संकल्प का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों, रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा ग्राम विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
जनसंवाद 2.0 के तहत ग्रामीणों से गांव की विकास प्राथमिकताएं जानने के लिए मेरे गांव की प्राथमिकता वोटिंग वॉल, रोजगार के अधिकार के प्रति जागरूकता के लिए 125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार शपथ, ग्रामीणों के सुझावों के लिए विकसित भारत संदेश कार्ड तथा रोजगार, भुगतान और शिकायत निवारण जैसे विषयों पर ‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ संवाद मंच आयोजित किया जाएगा। ग्राम सभा के समापन पर तिरंगे के साथ मेरा गांव-मेरा संकल्प, विकसित भारत का मजबूत आधार का सामूहिक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा। जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्राम सभा को ग्रामीणों की आवाज, सुझाव और विकास प्राथमिकताओं को सामने लाने वाला सहभागी मंच बनाने की पहल की गई है। इसके जरिए ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं अधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में उनकी भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




