जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और गांवों में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से हसौद थाना पुलिस ने क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की। यह बैठक 2 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा चंद्रपुर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के आदेशानुसार थाना प्रभारी हसौद द्वारा ली गई।
बैठक में कोटवारों को गांवों में आने वाले बाहरी लोगों, मुसाफिरों, फेरीवालों और किरायदारों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
रजिस्टर में दर्ज होगी पूरी जानकारी
पुलिस ने कोटवारों को निर्देशित किया कि गांव में आने वाले संदिग्ध या बाहरी व्यक्तियों की पहचान और गतिविधियों से संबंधित जरूरी जानकारी एक रजिस्टर में दर्ज की जाए।
इसमें मुख्य रूप से—
- नाम और पता
- मोबाइल नंबर
- आधार नंबर
- पैन कार्ड नंबर
- स्थायी पता
- गांव में आने की तारीख और समय
- गांव से जाने की तारीख और समय
- पहचानने वाले व्यक्ति का नाम और पता
- संबंधित व्यक्ति का फोटो
- हस्ताक्षर
जैसी जानकारी दर्ज करने को कहा गया है।
संदेह होने पर तत्काल पुलिस को दें सूचना
बैठक में कोटवारों को विशेष रूप से समझाइश दी गई कि यदि गांव में रहने या आने वाले किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध नजर आती है, तो इसकी सूचना तत्काल हसौद थाना पुलिस को दी जाए।
पुलिस ने कहा कि गांवों में बाहरी लोगों की आवाजाही की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहने से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।



