कोरबा कोरबा शहर के मीडिया जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार ग्रैंड एसीएन चैनल के कैमरामैन इमानुअल तांडी का कम उम्र में आकस्मिक निधन हो गया।बताया जा रहा है कि उनका शव उनके घर में पड़ा हुआ मिला, जिसके बाद क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और पत्रकार साथी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमानुअल तांडी पिछले कुछ समय से सामान्य रूप से अपने कामकाज में लगे हुए थे, ऐसे में उनके अचानक निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया। इमानुअल तांडी मीडिया क्षेत्र में अपनी मेहनत, सरल स्वभाव और समर्पित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। ग्रैंड एसीएन के साथ काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण खबरों और घटनाओं को अपने कैमरे में कैद किया। उनके सहयोगी बताते हैं कि वे हमेशा जिम्मेदारी के साथ अपने काम को अंजाम देते थे और साथी पत्रकारों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
परिजन द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार रविवार 15 मार्च को दोपहर 12 बजे मुड़ापार हेलीपेड के पास स्थित क्रिश्चियन कब्रिस्तान में उनका कार्य किया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही जिले के पत्रकारों और मीडिया संस्थानों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने इसे पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। पत्रकार साथियों और परिचितों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


