*कोरबा।** महाराणा प्रताप नगर स्थित एलआईजी-141 के सामने स्थित दो मकान पिछले करीब 25 वर्षों से खंडहर की स्थिति में पड़े हुए हैं। स्थानीय रहवासियों के अनुसार इन मकानों के मालिकों का कोई अता-पता नहीं है और वर्षों से इनकी कोई देखरेख नहीं की गई है।
रहवासियों का कहना है कि जर्जर और वीरान पड़े इन मकानों में झाड़ियां एवं कचरा जमा होने के कारण सांपों ने अपना स्थायी डेरा बना लिया है। आए दिन इन खंडहरनुमा मकानों से निकलकर सांप आसपास के घरों में घुस जाते हैं, जिससे पूरे मोहल्ले में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन खंडहर मकानों को हटाने या उनकी सफाई कराने की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
मोहल्लेवासियों ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि इन परित्यक्त मकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सांपों के आतंक और संभावित दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।

