कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी। टीम ने परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए समझाइश दी और भविष्य में बाल विवाह नहीं कराने की शपथ भी दिलाई।
बाल विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली में 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इसके माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है, जो बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को प्रभावित करता है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस, नाबालिग की शादी रुकवाई
जागरूकता अभियान के दौरान ही एक नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए विवाह रुकवा दिया।
इसके बाद परिजनों और वहां मौजूद संबंधित लोगों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। टीम ने समझाइश देते हुए भविष्य में इस तरह का आयोजन नहीं करने की शपथ भी दिलाई।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मुखबिर से नाबालिग बालिका का विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विवाह रुकवाया। परिजनों को समझाइश दी गई है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की बाल विवाह रोकने की अपील
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के नागरिकों से बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध है। इससे बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यह बच्चों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य को भी प्रभावित करता है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन के बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगी विशेष ग्राम सभाएं
बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए कोरबा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं और अभिभावकों को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों, दुष्परिणामों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता के साथ-साथ सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई भी की जाएगी।

