कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत जब्त किए गए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को बालको प्लांट में जलाकर नष्ट कर दिया गया। 23 नवंबर को न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 नशीले कैप्सूल और 2,315 नशीली टेबलेट शामिल हैं।
गांजा, कैप्सूल से लेकर नशीले सिरप तक किए गए नष्ट
पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया। इसमें शामिल सामग्री की मात्रा इस प्रकार है।
- गांजा: 74.514 किलोग्राम
- नशीले कैप्सूल: 4,336 नग
- नशीली टेबलेट: 2,315 नग
- नशीले इंजेक्शन: 145 नग
- सिरिंज: 12 नग
- कोडीनयुक्त सिरप: 11,400 एमएल
जब्त नशीले पदार्थों को बालको प्लांट में जलाकर नष्ट किया गया।
इन थाना क्षेत्रों में हुई थी जब्ती
पुलिस की यह कार्रवाई जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों से संबंधित है। इनमें रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में जब्त की गई सामग्री शामिल थी।
SP सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
नशीले पदार्थों को नष्ट करने की पूरी प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक और क्षेत्रीय अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी बालको प्लांट में जब्त नशीले पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया जाता रहा है।
नशे के कारोबार पर कोरबा पुलिस की नजर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा राम गोपाल करियारे ने बताया कि कोरबा पुलिस NDPS एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। गांजा, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और कोडीनयुक्त सिरप के अवैध परिवहन एवं बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। जब्त सामग्री को नष्ट करना इसी अभियान का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से की ये अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से नशीले पदार्थों के अवैध निर्माण, परिवहन, बिक्री और सेवन से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

