कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दुखद खबर सामने आई है। नगर पालिक निगम कोरबा की प्रथम महापौर एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुश्री श्याम कंवर का निधन हो गया है। उन्होंने आज शाम 4 बजे बिलासपुर स्थित अपोलो हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनके आकस्मिक निधन की खबर से जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा सहित शहर में शोक की लहर है।
वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में न्याय के लिए किया संघर्ष
सुश्री श्याम कंवर जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा की सम्माननीय सदस्या थीं। उन्होंने एक कुशल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में न्याय के लिए संघर्ष किया और अपनी अलग पहचान बनाई। विधि के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
कोरबा नगर निगम की प्रथम महापौर के रूप में दिया योगदान
श्याम कंवर को कोरबा नगर पालिक निगम की प्रथम महापौर होने का गौरव प्राप्त था। उन्होंने शहर के विकास की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल और योगदान को कोरबा के विकास के इतिहास में विशेष स्थान प्राप्त रहेगा। उनके निधन को शहर और अधिवक्ता समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
कल सुबह 10 बजे होगा अंतिम संस्कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुश्री श्याम कंवर का अंतिम संस्कार कल सुबह 10 बजे उनके गृह ग्राम भैसमा में किया जाएगा। उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति दें।
श्याम कंवर के निधन से कोरबा ने एक वरिष्ठ अधिवक्ता और नगर निगम की प्रथम महापौर को खो दिया है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।




