कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के अंदर परिवार के लोग सो रहे थे। गनीमत रही कि ट्रक की जोरदार टक्कर के बावजूद सभी सुरक्षित बच गए। हालांकि, हादसे में मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने तलाश कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार स्थित बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। जानकारी के मुताबिक, देर रात कबाड़ से भरा ट्रक तेज रफ्तार में गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस ने हिरासत में लिया
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास तलाश शुरू की। पुलिस ने चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।
ट्रक में मिला 20 हजार 860 किलो कबाड़, कीमत 7 लाख रुपए
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में कुल 20 हजार 860 किलो कबाड़ लोड था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि, कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस कबाड़ के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक जब्त किया और चालक को हिरासत में लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

