कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका SECL कोयला खदान क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आउटसोर्सिंग कंपनी कलिंगा के भारी वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का डंपर देखते ही देखते जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डंपर में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिकल सिस्टम में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इंजन के पास अचानक चिंगारी उठी और कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने राहुल जायसवाल को सौंपा अनुकम्पा नियुक्ति पत्र
खदान में मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर तत्काल काबू पाना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते भारी वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
चालक ने समय रहते बचाई जान
हादसे के दौरान राहत की बात यह रही कि डंपर चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
डंपर में आग लगने के बाद खदान क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी दहशत फैल गई।
करोड़ों रुपये के वाहन के जलने से बड़ा नुकसान
आगजनी की इस घटना में करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के डंपर के जलकर खाक होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की तकनीकी स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




