कटघोरा/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई शुरुआत हुई है। नवागांव रोड स्थित मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल (MJM) के नवीन मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का बुधवार को कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री ने अस्पताल को कटघोरा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
शुभारंभ समारोह में मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरोना काल के दौरान डॉ. प्रिंस जैन की सेवाओं को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महामारी के कठिन दौर में डॉ. जैन रात में भी फोन उठाकर मरीजों के लिए अस्पताल में बेड की व्यवस्था कराने में सहयोग करते थे। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के प्रति उनका संवेदनशील व्यवहार सराहनीय रहा।
24 घंटे डॉक्टर और आईसीयू की सुविधा, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर भी तैयार
अस्पताल संचालक डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि एमजेएम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में मरीजों को 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में 24 घंटे एमबीबीएस चिकित्सक, आधुनिक आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, निजी वार्ड, 24 घंटे फार्मेसी और पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा मेडिसिन, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग और सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। बड़े शहरों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी विजिट के लिए बुलाया जाएगा, ताकि मरीजों को जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ परामर्श मिल सके।
कटघोरा सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगी राहत
एमजेएम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल शुरू होने से कटघोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद है। अब मरीजों को कई तरह के उपचार के लिए कोरबा, बिलासपुर और रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
विशेष रूप से आपातकालीन चिकित्सा, आईसीयू और विशेषज्ञ परामर्श की जरूरत वाले मरीजों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है।
शुभारंभ समारोह में शामिल हुए मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि
अस्पताल के शुभारंभ कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रतन मित्तल और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी शामिल हुए।
अस्पताल संचालक डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. प्रिंस जैन और डॉ. आकांक्षा जैन ने क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवा भावना के साथ स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने का संकल्प जताया।




