NDA के तीसरी बार सरकार बनने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने स्पीच की शुरुआत भारत माता की जय और जय जगन्नाथ से की।उन्होंने कहा- इस आशीर्वाद के लिए मैं समस्त देश वासियों का ऋणी हूं। आज बड़ा मंगल है। इस पावन दिन एनडीए की लगातार तीसरी बार सरकार बननी तय है।
उन्होंने कहा- देशवासियों ने भाजपा पर एनडीए पर पूर्ण विश्वास जताया है। आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ, सबका विकास मंत्र की जीत है। प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के पूर्व CM चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार का भी नाम लिया।
मोदी की स्पीच सिलसिलेवार पढ़ें…
चुनाव आयोग पर
ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करूंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता से संपन्न कराया। करीब सौ करोड़ मतदाता, एक करोड़ मतदान कर्मी, 11 लाख बूथ इतनी प्रचंड गर्मी में कर्मियों ने अपने दायित्वों को बखूबी निभाया।
हमारे सुरक्षा कर्मियों ने अपने कर्तव्य भाव का शानदार परिचय दिया। भारत के चुनाव प्रोसेस। चुनाव के इस सिस्टम और क्रेडिबिल्टी पर हर भारतीय को गर्व है।हमारे जैसे चुनाव का दुनिया में कहीं कोई उदाहरण नहीं है। मैं ओपिनियन मेकर्स को कहूंगा कि लोकतंत्र में चुनावी प्रक्रिया की ताकत है।
यह बहुत बड़ा गौरव का विषय है। यह भारत की पहचान काे चार चांद लगाने वाली बात है, जो पूरी दुनिया में अपनी बात पहुंचा सकते हैं, वे भारत के सामर्थय को पूरे विश्व के सामने पहुंचाएं।
मोदी बोले- भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि
भाजपा दफ्तर पहुंचने से पहले पीएम ने X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- जनता ने लगातार तीसरी बार NDA पर भरोसा जताया है। यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने लिखा- मैं इस स्नेह के लिए जनता जनार्दन को नमन करता हूं और उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पिछले दशक में किए गए अच्छे कार्यों को जारी रखेंगे। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए भी सलाम करता हूं। शब्द कभी भी उनके असाधारण प्रयासों के साथ न्याय नहीं कर पाएंगे।